वरिष्ठ
संवाददाता
नई
दिल्ली
:
साउथ-वेस्ट
दिल्ली के
बिजवासन
इलाके में हुए
सड़क हादसे
में कार में
सवार तीन
लोगों की जलकर
मौत हो गई। कार
सामने से आ रहे
एक डंपर से
टकरा गई। इस
एक्सिडेंट की
चपेट में एक
बाइक भी आ गई,
जिस पर सवार एक
युवक का पैर
फ्रैक्चर हो
गया और दूसरा
मामूली रूप से
घायल हो गया।
हादसा
शुक्रवार रात
1:15 बजे
कापसहेड़ा से
बिजवासन जाने
वाली सड़क पर
ओबेरॉय
फार्महाउस के
नजदीक हुआ।
हरियाणा के
रजिस्ट्रेशन
नंबर की
मारुति
वैगन-आर से
महेंद्रगढ़
के पवन कुमार (36),
रजोकरी के
देवकरण (49) और
रेवाड़ी के
जितेंद्र (36)
रजोकरी जा रहे
थे। इस सड़क पर
कोई डिवाइडर
नहीं है। इसी
वजह से
बिजवासन की ओर
से आ रहे एक
डंपर और कार की
भिड़ंत हो गई
और डंपर का
अगला बायां
टायर कार की
बॉडी में घुस
गया। तुरंत ही
कार में आग लग
गई और वह जलकर
खाक हो गई।
पुलिस के
मुताबिक आग
लगने की वजह
कार में लगी
सीएनजी किट हो
सकती है। डंपर
का ड्राइवर
मौके से फरार
हो गया। टक्कर
लगते ही कार
अपने पीछे आ
रही एक बाइक से
टकरा गई। बाइक
पर सवार सनी
सिंह का पैर
फ्रैक्चर हो
गया, जबकि उसके
साथी को
मामूली चोट
लगी। तीनों
लाशों को
पोस्टमॉर्टम
के लिए भेज
दिया गया।
पुलिस ने
डम्पर जब्त कर
इसके ड्राइवर
की तलाश शुरू
कर दी है।