सत्येन्द
पाल सिंह
नई
दिल्लीः
भारत की
जूनियर हॉकी
टीम का
पाकिस्तान
दौरा सुरक्षा
कारणों से
आखिर वक्त पर
रद्द कर दिया
गया। इस दौरे
के रद्द होने
से भारत की
अगले साल
मलयेशिया में
होने वाले
जूनियर
वर्ल्ड कप
हॉकी
टूर्नामेंट
की तैयारियों
को जरूर झटका
लगा है। इससे
भारत और
पाकिस्तान
सरीखे चिर
प्रतिद्वंद्वियों
की जूनियर
टीमों के बीच
एक रोचक
मुकाबले का
लुत्फ उठाने
से पाकिस्तान
के हॉकी
प्रेमी भी
जरूर महरूम रह
गए। हाल ही में
पाकिस्तान
में हुए
विस्फोटों के
बाद हॉकी ही
नहीं दुनिया
की कई धुरंधर
क्रिकेट
टीमें भी
पाकिस्तान का
दौरा करने से
इनकार कर चुकी
हैं।
भारत
की जूनियर
हॉकी टीम के
चीफ कोच अजय
कुमार बंसल
कहते हैं,
'हमें इस दौरे
को आखिरी वक्त
पर रद्द होने
से कुछ निराशा
जरूर हुई है,
लेकिन टीम की
सुरक्षा सबसे
अहम है। भारत
और पाकिस्तान
की जूनियर
हॉकी टीमों के
लिए पांच
टेस्ट मैचों
की सीरीज़
खासी अहम थी।
हमारे विदेश
मंत्रालय को
पुख्ता
जानकारी थी और
इसी के बाद
भारतीय हॉकी
का कामकाज देख
रही तदर्थ
समिति ने
सरकार की सलाह
को मानते हुए
हमारी टीम का
यह पाकिस्तान
दौरा रद्द
किया।'
भारत
की सीनियर टीम
के कोच
हरेन्द्र
सिंह ने
बेंगलुरु से
फोन पर भारत की
जूनियर टीम के
पाकिस्तान
दौरे को रद्द
करने की बाबत
कहा, 'इस दौरे
को रद्द किए
जाने को समग्र
परिप्रेक्ष्य
मे देखा जाना
चाहिए। विदेश
मंत्रालय ने
जो सलाह दी,
उसके पीछे
जरूर ही कोई
कारण रहा
होगा। हमें
अपनी सरकार के
दिशा-निर्देश
मानने ही
चाहिए। इससे
पहले कि कोई
बड़ी घटना हो,
बेहतर है हम
ऐहतियात
बरतें। अब
हमारी जूनियर
हॉकी भी
सीनियर नेहरू
हॉकी में
खेलेगी।
इसमें लड़कों
के लिए अच्छा
मौका होगा। इस
टूर्नामेंट
में भी
पाकिस्तान की
दो टीमों के
आने की बात सुन
रहे हैं और यह
लड़कों के लिए
अच्छा
रहेगा।'
भारत
की जूनियर टीम
के कोच बंसल ने
कहा, 'हमारी
टीम को
पाकिस्तान
में उसकी टीम
से कराची,
रावलपिंडी,
पेशावर,
सियालकोट और
लाहौर में
पांच टेस्ट
मैचों की
सीरीज़ खेलनी
थी। हमारी टीम
पाकिस्तान
जाने के लिए
रविवार को ही
अमृतसर पहुंच
गई थी। हमें
आखिरी वक्त पर
भारतीय हॉकी
की तदर्थ
समिति से यह
निर्देश मिला
कि सुरक्षा
कारणों से इस
वक्त हमारी
टीम का
पाकिस्तान
दौरा करना
मुनासिब नहीं
है। हमारे लिए
सबसे अहम बात
यह है कि हमारे
खिलाड़ी जिस
भी मुल्क का
दौरा करें वे
महफूज रहें।
हमने तदर्थ
समिति का यह
हुक्म मानते
हुए मंगलवार
शाम तक इंतजार
किया और करीब
आधी रात को
हमारी टीम
यहां वापस लौट
आई।'
उन्होंने
बताया,
'पाकिस्तान
दौरा के रद्द
किए जाने के
बाद अब सबसे
पहले भारत की
जूनियर टीम
इसी महीने
सीनियर नेहरू
हॉकी
टूर्नामेंट
में शिरकत
करेगी। हमारी
टीम अगले
महीने 6 से 12
दिसंबर तक
अर्जेन्टीना
में पांच हॉकी
टेस्ट मैचों
की सीरीज़
खेलने जाएगी।
इससे हमारी
टीम को जूनियर
वर्ल्ड कप की
अपनी तैयारी
करने में मदद
मिलेगी।'